कोटा में दो महिलाएं ऑडी कार से नशे की तस्करी करते हुई गिरफ्तार हुई हैं। इसके साथ हरियाणा नंबर की कार को जब्त कर लिया गया है। दोनों महिलाएं डोडा चूरा की तस्करी कर रही थी। पुलिस ने आज पूरे मामले का खुलासा किया है। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया- मामला 2 अप्रैल का है। दिल्ली, वडोदरा, मुंबई एक्सप्रेस-वे के चेचट इंटरचेंज पर पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की कार गरोठ (मध्यप्रदेश) की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने गाड़ी को अस्थायी टोल की बजाय मेन टोल की ओर तेजी से मोड़ने का प्रयास किया। इससे पुलिस को शक हुआ। 41 किलो नशे का सामान मिला थानाधिकारी मदन ढाका के नेतृत्व में टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार से पान मसाले के चार बैग बरामद हुए, जिनमें कुल 41 किलो 184 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडा चूरा मिला। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। मध्यप्रदेश से लुधियाना जा रहा था नशे का सामान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमजीत कौर (47) निवासी संगरूर और गुलशन कौर (40) निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह डोडा चूरा गरोठ, मध्यप्रदेश से लुधियाना ले जा रही थीं। इस मामले में थाना चेचट में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। यह मादक पदार्थ कहां सप्लाई किया जाना था। इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और डीएसपी घनश्याम मीणा के सुपरविजन में विशेष टीम ने अहम भूमिका निभाई। खास तौर पर कांस्टेबल राजेन्द्र शेषमा की सफलता में महत्वपूर्ण रही।
