बांसवाड़ा के भुंगड़ा थाना क्षेत्र स्थित चौकी टामटिया गांव के पास शनिवार शाम एक हादसे में अनियंत्रित होकर एक ऑटो पलट गया, जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक 9 माह की गर्भवती महिला भी शामिल है। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया। रिश्तेदार के घर से आ रहे थे वापस ​हादसा शनिवार शाम करीब 6 बजे हुआ। परिजनों ने बताया कि रामचंद्र पुत्र हीरा, बबली पत्नी मगन और जिना पत्नी नारायण निवासी कला मेला और कला पत्नी प्रताप निवासी हिंदू का पाड़ा एक रिश्तेदार के यहां गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय रास्ते में उनका ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया और पलट गया। घायलों के सिर में आई चोट ​हादसे के बाद चारों को गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस ने चारों घायलों को एमजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी का उपचार कर दिया गया है। गर्भवती महिला कला सहित सभी घायलों को डॉक्टरों की निगरानी में वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। परिजनों ने बताया कि गर्भवती महिला कला का एक हाथ फ्रेक्चर हो गया है व हल्की चोटें आई हैं। गर्भवती महिला की सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है, जिससे गर्भ में पल रहे शिशु को कोई परेशानी न हो।