जयपुर में ऑटोरिक्शा ड्राइवर ने विदेशी महिला से गालियां बुलवाई। महिला ने इसका वीडियो बनाया था, जिसे उसने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। जब वीडियो सामने आया तो पर्यटन थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला जर्मनी से जयपुर घूमने आई थी। SHO (पर्यटन थाना) मंजू कुमारी ने बताया- 20 मार्च को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर हुआ था। इसमें ऑटोरिक्शा ड्राइवर विदेशी महिला के साथ अश्लील शब्द बोलता दिख रहा था। वह हंसते हुए महिला से इन शब्दों को दोहराने की कह रहा था। उनके अर्थ से अनजान महिला इन शब्दों को सामान्य बातचीत का हिस्सा समझकर बोलती रही। पुलिस ने वीडियो की जांच की और पाया कि घटना जयपुर शहर के चारदीवारी क्षेत्र में हुई थी। पुलिस ने सैकड़ों ऑटोरिक्शा ड्राइवरों से पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान मोहम्मद सोहेल (31) निवासी लुहारों का मोहल्ला, सूरजपोल, गलता गेट के रूप में हुई। पर्यटन थाना पुलिस ने विदेशी महिला से अपशब्द बुलवाने को लेकर आरोपी पर FIR दर्ज की। इसके बाद रविवार को दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जर्मनी लौटने के बाद महिला ने पोस्ट किया वीडियो पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब 10 दिन पहले जर्मनी से एक महिला घूमने के लिए जयपुर आई थी। ऑटोरिक्शा में परकोटा घूमते समय आरोपी सोहेल ने विदेशी महिला को समझ नहीं आने वाले अपशब्द बुलवाए। इसका वीडियो महिला ने अपने मोबाइल से बनाया था। जर्मनी लौटने के बाद महिला ने उसको सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। X (ट्विटर) पोस्ट के जरिए यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने विदेशी महिला से संपर्क कर वीडियो डिलीट करवा दिया है। … ये खबर भी पढ़ें जयपुर में विदेशी महिला से छेड़छाड़, VIDEO:होटल लौटते समय टैक्सी ड्राइवर ने किया पीछा, गले में हाथ डालकर अश्लील हरकत की जयपुर में विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। होटल से लौटते वक्त एक टैक्सी ड्राइवर महिला का पीछा करने लगा। फिर पैदल जा रही इस महिला के गले में हाथ डालकर अश्लील हरकत करने लगा।टैक्सी ड्राइवर की इस हरकत का वीडियो दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया। (पूरी खबर पढ़ें)