करौली जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने रविवार को करौली जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जेल की बैरकों, भोजनशाला और अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। पुलिस उप अधीक्षक करौली ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) प्रेमराज मीणा के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना करौली एवं थाना सदर करौली का पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की बैरकों, भोजनशाला तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया। साथ ही जेल में निरुद्ध 266 बंदियों की तलाशी एवं जांच की गई। जांच के दौरान किसी भी बंदी के पास से कोई प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
