इरान-इजराइल जंग के चलते पैदा हुए हालात में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी को लेकर पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अभी तक गैस को लेकर कोई किल्लत नहीं है। ऐसे में कोई अफवाह पैदाकर फायदा उठाने की कोशिश करेगा तो उसके ऊपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंजाब में मौजूदा पेट्रोलियम पदार्थों की स्थिति के मद्देनजर पठानकोट में पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क की ओर से गैस एजेंसी मालिकों और विभिन्न पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की गई। इसका मुख्य उद्देश्य जनता को दैनिक उपयोग वाली गैस और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुनिश्चित करना और किसी भी तरह की कालाबाजारी या जमाखोरी को रोकना था। ये बैठक जिला प्रशासनिक परिसर में की गई। बैठक में डिप्टी कमिश्नर पठानकोट डॉ.पल्लवी भी उपस्थित रहीं। पठानकोट में गैस की किल्लत नहीं, लोग घबराएं नहीं
इस दौरान, कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि जिला अधिकारियों द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि मौजूदा स्थिति के बावजूद पठानकोट जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और लगभग डेढ़ महीने का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसलिए आम जनता को घबराने या अतिरिक्त स्टॉक जमा करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
गैस एजेंसी मालिकों को सख्त आदेश जारी
कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बैठक में सभी गैस एजेंसी मालिकों को सख्त आदेश जारी किए कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि, जैसे ऊंचे रेट पर गैस बेचना या जानबूझकर आपूर्ति में बाधा उत्पन्न करना, बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति ऐसी हरकत करते पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों को दी जाए प्राथमिकता
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों (Border Areas) में रहने वाले लोगों को आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ इलाकों में यातायात की बाधा के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा। संबंधित एजेंसी मालिकों को हिदायत दी गई कि वे इन इलाकों पर विशेष ध्यान दें और आवश्यकतानुसार आपूर्ति को प्राथमिकता दें। होम डिलीवरी सिस्टम को और मजबूत बनाने पर जोर
बैठक में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने होम डिलीवरी सिस्टम को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि होम डिलीवरी को बढ़ाया जाएगा तो लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी और भीड़ को भी नियंत्रित किया जा सकेगा। इससे आपूर्ति प्रक्रिया और सुचारू रूप से चलेगी। अधिकारियों ने जनता से की अपील
अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे शांति बनाए रखें और अफवाहों से बचें। सरकार और प्रशासन द्वारा स्थिति पर पूरी निगरानी रखी जा रही है और हर नागरिक को आवश्यकतानुसार पेट्रोलियम पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए पूरे प्रबंध किए गए हैं।
