पुलिस थाना सेज क्षेत्र में स्थित एयरटेल वेयरहाउस कलवाड़ा में मोबाइल टॉवर के सामान चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में 5 आरोपियों को पकड़ा जा चुका था। अब कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रूद्र प्रताप सिंह और शिवा सिंह शामिल हैं, जिन्हें 22 मार्च को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से वारदात में काम ली गई क्रेटा कार नंबर UP 32 KT 0036 को भी जब्त किया गया है। इससे पहले पुलिस एक लोडिंग वाहन (UP 32 SN 9879) भी जब्त कर चुकी है। CCTV बंद कर की गई वारदात
थानाधिकारी उदय सिंह ने बताया कि घटना साला 2025 में 17 नवंबर को रात की है, जब वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा गार्डों ने मिलीभगत कर CCTV कैमरे बंद कर दिए और बाहरी लोगों को अंदर प्रवेश दिलाया। इसके बाद आरोपियों ने वेयरहाउस से मोबाइल टॉवर में उपयोग होने वाला कीमती सामान चोरी कर लिया। वेयरहाउस मैनेजर समीर मलिक की रिपोर्ट पर 20 नवंबर को मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों की मिलीभगत से पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने CCTV फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपियों के उत्तर प्रदेश, दिल्ली और गुरुग्राम में ठिकानों पर दबिश दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब 2 अन्य आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी:
हिमांशु, अजय प्रताप सिंह, शुभम सिंह, आयुष तिवारी, अनुज सिंह, रूद्र प्रताप सिंह और शिवा सिंह। फिलहाल दोनों नए गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
