अजमेर जिला कलक्टर के बाद अब साइबर ठगों ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलसचिव कैलाशचंद्र शर्मा को निशाना बनाया है। साइबर ठगों ने कुलसचिव का मोबाइल नम्बर हैक कर वाट्सएप से परिचितों को मैसेज भेजकर पैसे मांगे। कुलसचिव को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने तत्काल जिला पुलिस की साइबर सेल में प्रकरण दर्ज कराया। कुलसचिव आरएएस अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि गुरुवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे साइबर ठगों ने उनका मोबाइल नम्बर हैक करके उनके परिचितों को वाट्सएप के जरिए मैसेज भेजा। मैसेज में लिखा कि इमरजेंसी के कारण उन्हें तत्काल 30 हजार रुपए की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय में जिन कार्मिकों के पास यह मैसेज गया, उन्होंने तत्काल शर्मा को जाकर इस बारे में बताया। शर्मा ने साइबर सेल में सूचना दी ना मैसेज आ रहे थे ना कॉल जब तक शर्मा का मोबाइल नम्बर हैक रहा, तब तक उनके मोबाइल फोन न तो कॉल आ रहे थे और न मैसेज। साइबर सेल के प्रयास से कुछ समय बाद शर्मा के मोबाइल पर कॉल, मैसेज आना शुरू हुए। जिला कलक्टर सहित एक अन्य आईएएस का भी नम्बर हुआ था हैक गत मंगलवार को जिला कलक्टर सहित अन्य एक अन्य आईएएस अफसर के भी मोबाइल नम्बर हैक होने के मामले सामने आ चुके हैं। साइबर ठगों ने एक इंटरनेशनल नंबर का उपयोग कर जिला कलक्टर की फोटो (डीपी) लगाकर फर्जी वाट्सएप अकाउंट बनाया और उसके जरिए रुपयों की मांग की। जिला कलक्टर ने तुरंत पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा को जांच कराने के आदेश दिए। इसी तरह साइबर ठगों ने प्रदेश स्तरीय विभाग में नियुक्त आईएएस अधिकारी का भी नम्बर हैक किया था। यह खबर भी पढ़ें…. कलेक्टर के नाम से वॉट्सएप पर रुपए मांग रहे बदमाश:इंटरनेशनल नंबर से मैसेज कर रहे, IAS ने कहा- सभी लोग अलर्ट रहें
