अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार शाम जैन गेस्ट हाउस में आयोजित की जाएगी। यह बैठक कुल 12 सत्रों में संपन्न होगी, जिसमें संगठन के आगामी अभियानों और कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। एबीवीपी के जयपुर प्रांत मंत्री शुभेन्द्र सिंह निर्वाण ने शनिवार दोपहर जैन गेस्ट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में जयपुर प्रांत के 22 जिलों से कुल 153 कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक के दौरान आगामी अभियान, कार्यक्रम और संगठनात्मक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य संगठन की गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करना और नई रणनीतियों पर निर्णय लेना है। एबीवीपी के चूरू जिला संयोजक कुलदीप सिंह जागावत ने बताया कि बैठक में हल्दीघाटी के 450 वर्ष पूरे होने पर ‘हल्दीघाटी गौरव ज्ञान परीक्षा’, परिसरों में ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ अभियान, महारानी अबका जयंती और भगवान बिरसा मुंडा जन्म जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विशेष रूप से चर्चा होगी। इस प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक में उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अश्विनी शर्मा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ जयपुर प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री पूरन सिंह शाहपुरा और प्रांत अध्यक्ष डॉ. दिनेश जैन भी उपस्थित रहेंगे।
