हनुमानगढ़. टिब्बी के राठीखेड़ा में निर्माणाधीन इथेनॉल फैक्टरी मामले में आंदोलन की आग एक बार शांत हो गई है। दोनों पक्षों में फैक्टरी निर्माण कार्य रोकने को लेकर आंशिक सहमति बनने के बाद शनिवार को क्षेत्र में शांति का माहौल रहा। बताया जा रहा है कि आंदोलन की गति मंद होने की वजह से सरकार टिब्बी क्षेत्र में पांच दिन बाद शनिवार दोपहर बाद तक इंटरनेट सेवा बहाल कर सकती है। हनुमानगढ़ के अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि टिब्बी में इंटरनेट सेवा बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं। दोपहर बाद तक सेवा बहाल होने की उम्मीद है। इससे पहले शुक्रवार देर शाम को कलक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन व फैक्टरी हटाओ-क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति पदाधिकारियों की वार्ता शुरू हुई। इसमें सीएम का प्रतिनिधि मंडल भी मौजूद रहा। बंद कमरे में हुई वार्ता के क्या नतीजे निकले, इसकी असलियत बताने से सभी परहेज करते नजर आए। वार्ता जैसे ही शुरू हुई, मीडिया को अंदर जाने से रोक दिया गया। इस वजह से बंद कमरे में दोनों पक्षों में किन-किन मुद्दों पर सहमति बनी, इसे लेकर सही स्थिति साफ नहीं हो सकी। माकपा नेता जगजीत सिंह जग्गी ने मीडिया के साथ कुछ जानकारी जरूर साझा की। उन्होंने बताया कि हमने फैक्टरी को बंद करने की मांग रखी। इस पर जिला प्रशासन ने अस्थाई तौर पर फैक्टरी बंद करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में जिला प्रशासन से जब लिखित में सहमति पत्र मांगा गया तो अफसरों ने इससे इनकार किया। जग्गी ने बताया कि वार्ता के लिए बुलाकर जिला प्रशासन ने जो कदम आगे बढ़ाया है, हम उसका स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति की मांगों को सरकार तक पहुंचाने में कलक्टर नाकाम रहे हैं।