राजस्थान की महिला खिलाड़ियों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है। एडहॉक कमेटी सदस्यों के बीच जारी सियासी विवाद के बीच कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने एक बार फिर अंडर-23 वीमेंस टीम को जयपुर लाने का फैसला किया है। इसके लिए कुमावत ने अपने खर्चे पर राजस्थान अंडर- 23 वीमेंस टीम के टिकट्स बुक कराई है। अब 48 घंटों के इंतजार के बाद वीमेंस टीम नागपुर से जयपुर के लिए रवाना हो चुकी है। राजस्थान अंडर-23 वीमेंस टीम जो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए नागपुर गई थी। टीम सोमवार को हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। जिसे मंगलवार को जयपुर आना था। लेकिन राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के बिगड़े वित्तीय हालत के बाद वीमेंस टीम के लिए उन्होंने फ्लाइट टिकट बुक कराने की व्यवस्था नहीं की। इसकी वजह से वीमेंस टीम के खिलाड़ी पिछले 48 घंटों से नागपुर में ही परेशान हो रहे थे। नागपुर से पहले दिल्ली लाए, फिर जयपुर ला रहे
एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने बुधवार को अपने खर्चे पर महिला टीम के लिए नागपुर से फ्लाइट की व्यवस्था की। खिलाड़ियों को नागपुर से फ्लाइट के माध्यम से दिल्ली और वहां से जयपुर लाया जा रहा है। फिलहाल टीम दिल्ली पहुंच गई है, जहां से टीम की खिलाड़ी जयपुर के लिए रवाना हुए। एडहॉक कमेटी कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने कहा- राजस्थान की बेटियां हमारी शान हैं। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं आए। यह मेरी जिम्मेदारी थी। इसी सोच के साथ मैंने काम किया है। भ्रष्टाचार के लगे आरोप
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी के चार सदस्य धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, पिंकेश जैन और मोहित यादव ने कन्वीनर दीनदयाल कुमावत के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत कर मोर्चा खोल दिया था। इन सदस्यों ने कुमावत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए बैंक में पत्र भेजकर उनके हस्ताक्षर अमान्य घोषित करने और भुगतान की शक्ति चार सदस्यों में से किसी भी दो को देने की मांग की। जबकि पहले के नियमों के अनुसार RCA के खाते से भुगतान के लिए कन्वीनर समेत किसी भी दो अधिकृत सदस्यों के हस्ताक्षर आवश्यक थे। इसमें दीनदयाल कुमावत के साथ पिंकेश जैन और आशीष तिवाड़ी को हस्ताक्षरकर्ता बनाया गया था। इसके बाद कन्वीनर कुमावत ने भी बैंक को पत्र भेजकर कहा कि उनके हस्ताक्षर के बिना भुगतान मान्य नहीं है। दोनों पक्षों के इन परस्पर विरोधी पत्रों के बाद बैंक ने विवाद सुलझने तक भुगतान रोक दिया। RCA की वित्तीय स्थिति तेजी से खराब हो रही
RCA की वित्तीय स्थिति खराब हो रही है। हालत इतने बिगड़ गए हैं कि RCA स्टाफ को दो महीने से सैलरी नहीं मिली। जबकि पिछले महीने राजस्थान अंडर 23 वीमेंस टीम को उत्तराखंड में होटल का पेमेंट नहीं होने पर रोक दिया गया था। इसके बाद कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने कर्मचारियों की सैलरी के साथ ही वीमेंस टीम के होटल बिल को साइन किया था। पिछले दिनों RCA में हुई वित्तीय अनियमितताओं के बाद कुमावत ने चेक साइन करना बंद कर दिया था। इसकी वजह से खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।