लुधियाना| पंजाब कृषि यूनिवर्सिटी में कृषि और संबंधित सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर एग्रीकल्चर स्टूडेंट एसोसिएशन पंजाब का धरना वीरवार को 65वें दिन में पहुंच गया। ठंडी रातें हों, ठंडी हवाएं हों इन सबके बीच भी छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। वीरवार को छात्रों ने फिरोजपुर रोड पर यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-1 से गेट नंबर-2 तक पैदल मार्च किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए छात्रों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। छात्र नेताओं का कहना है कि सरकार का उदासीन रवैया साफ दिखाता है कि कृषि क्षेत्र और कृषि डिग्रीधारकों का भविष्य उसकी प्राथमिकता में शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि 65 दिन से लगातार धरने पर बैठने के बाद भी सरकार की ओर से किसी ठोस कदम का इंतजार ही किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक लिखित रूप में भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने मांग रखी कि कृषि डिग्री से जुड़े विभागों जैसे एडीओ, एएसआई, सेक्रेटरी मार्केट कमेटी, सॉयल कंजर्वेशन ऑफिसर, मार्कफेड, पंजाब एग्रो, पनसीड और अन्य संस्थानों में खाली पड़े पदों पर तत्काल भर्ती की जाए। धरना स्थल पर छात्रों ने दोहराया कि यह संघर्ष सिर्फ नौकरी के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के कृषि भविष्य को सुरक्षित और मजबूत करने की लड़ाई है।
