कासं| सवाईमाधोपुर सवाईमाधोपुर एवं करौली जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड सवाईमाधोपुर द्वारा 1 दिसम्बर 2025 से सरस दूध की पैकिंग का कार्य शुरु किया जाएगा। सवाईमाधोपुर का सरस दुग्ध पेकिंग प्लांट काफी समय से बंद था। ऐसे में स्थानीय उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त डेयरी उत्पाद उपलब्ध नहीं हो रहे थे। अब जिले में डेयरी पर सरस दुग्ध पैकिंग होने से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सरस उत्पाद समय पर मिलेंगे। सवाईमाधोपुर एवं करौली जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड प्रबंध संचालक सुरेश कुमार सेन ने बताया कि राजस्थान में डेयरी प्रोडक्ट में नम्बर एक पर प्रसिद्ध “सरस” का सवाईमाधोपुर का दुग्ध पैकिंग प्लांट काफी समय से बंद है। ऐसे में दुग्ध उत्पादकों एवं उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त सरस डेयरी उत्पाद उपलब्ध नहीं हो रहे थे। उन्होंने बताया कि वर्तमान मे सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी व हिण्डौन के सरस पैकिंग प्लांट बंद हैं, जिनको पुन: शुरु करने की कार्रवाई की जा रही है। सबसे पहले एक दिसम्बर 2025 से सवाईमाधोपुर दुग्ध प्लांट पर पैकिंग कार्य शुरु किया जा रहा है। इस प्लांट पर गोल्ड, टोंड, लाइट, डीटीएम पॉलीपैक दुग्ध के अलावा छाद, दही, पनीर की पैकिंग प्रारंभ की जा रही है। इसके बाद हिण्डौन प्लांट को शुरु करना प्रस्तावित है। सवाईमाधोपुर में सरस दुग्ध पैकिंग शुरु होने से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद समय पर मिलने लगेंगे। इसके अलावा शादी, समारोह एवं अन्य कार्यक्रमों की एडवांस बुकिंग के आधार पर दुग्ध क्रय करने पर डिस्ट्रीब्यूटर दर पर सवाईमाधोपुर बाजार से दूध उपलब्ध कराना बंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिल्म रोल का स्टॉक नहीं होने से कुछ समय तक टोण्ड 500 एमएल का दुग्ध टोण्ड 400 एमएल में पैक किया जाएगा।
