अजमेर के पुष्कर के डूंगरिया कला गांव में बुधवार सुबह 10 बजे एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक ने मंगलवार को ही पुष्कर थाने में पत्नी और बेटे के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने को लेकर मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में मृतक ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। अब अगले दिन उसका शव खेत में मिला है। पुलिस ने बेटे को डिटेन किया है। जिसका सीसीटीवी सामने आया है। कुल्हाड़ी या धारदार हथियार से सिर पर मारा-पुलिस थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया-डूंगरिया कला निवासी नंदा राम मेघवाल (50) पुत्र मंगलाराम मेघवाल का शव खेत में मिला है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि कुल्हाड़ी या तेज धारदार हथियार से नंदा राम मेघवाल के सिर में मारा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। मौके से सबूत जुटाए है, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया-नंदा राम का पारिवारिक विवाद चल रहा था। पता चला है कि कल भी इसके बीवी-बेटा इसे घर में घुसने नहीं दे रहे थे। खेत पर अकेला रहता था नंदा राम जिला परिषद सदस्य महेंद्र सिंह ने बताया-नंदा राम मेघवाल का पत्नी और बेटे के साथ झगड़ा चल रहा था। पत्नी पुष्पा अपने दो बेटे और एक बेटी के साथ पुष्कर में किराए के मकान में रहती हैं। तीनों बच्चे अविवाहिता है। डूंगरिया कला में नंदा राम सरकार द्वारा बकरी पालन के लिए बनाकर दिए बाड़े में खेत पर अकेला रह रहा था। एक साल पहले पत्नी ने परेशान करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। समझाइश के बाद ये दोनों अलग-अलग रहने लग गए थे। 3-4 दिन पहले पत्नी पुष्पा और बेटा कुणाल गांव आए थे। इस दौरान इनके बीच फिर झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। नंदा ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया था कि मुझे मेरी पत्नी-बेटे से मुझे जान का खतरा है। अब आज सुबह 10 बजे पता चला कि नंदा का मर्डर हो गया है। पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फोन कर बुलाया था, साथ जाकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई-पिता नंदा राम के पिता मंगलाराम ने बताया-मैं तो नृसिंहपुरा गांव के मकान में दूसरे बेटे के साथ रहता हूं। नंदा ने कल मुझे फोन किया था कि पापा मुझे शंका (जान का खतरा) है। इस पर मैंने कहा कि अगर ऐसा है तो हमारे पास आ जा। इसके बाद उसने कहा कि आप आ जाओ हम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने चलते है। मैं यहां आया और थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद मैंने बेटे को एक बार फिर कहां कि हमारे साथ चल। लेकिन, उसने जाने से मना कर दिया। पिता ने कहा कि मेरे बेटे की पत्नी बहुत शातिर है। नंदाराम गांव में मजदूरी करता था। घटना के बाद गांव में तनाव घटना के बाद गांव में तनाव है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले में संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी है। पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ का कहना है कि मामले में जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
