ऊना के मैहतपुर बाजार में पुलिस ने एक जुआ अड्डे पर कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। देर रात हुई इस छापेमारी में पुलिस ने 5 लाख 47 हजार 20 रुपए नकद बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मैहतपुर बाजार की एक दुकान में शटर बंद कर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी। इस दौरान कुछ जुआरी छत पर चढ़कर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने सभी को काबू कर लिया। मौके से तलाशी के दौरान 5,47,020 रुपए नकद बरामद हुए, जिन्हें अलग-अलग जगहों पर छिपाया गया था। इसके अतिरिक्त, ताश के 15 पैकेट और 218 पत्ते भी जब्त किए गए। जमानत पर रिहा हुए आरोपी पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई। गिरफ्तार किए गए जुआरियों की पहचान पंजाब के रोपड़, होशियारपुर, कपूरथला और जालंधर जिलों के निवासियों के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसी दुकान में जून महीने के दौरान भी पुलिस ने छापेमारी की थी। उस समय 14 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया था और करीब 4.97 लाख रुपए नकद बरामद हुए थे। एक ही स्थान पर लगातार दूसरी बार बड़ी बरामदगी से जुए के इस अड्डे के संचालन पर सवाल उठ रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई मैहतपुर थाना की टीम ने एसएचओ अंकुश डोगरा के नेतृत्व में की है। अरेस्ट हुए सभी आरोपी के नाम दीपक कुमार, राहुल, विजय कुमार, दीपक शर्मा, दीक्षित, सुरेन्द्र पाल, त्रिलोचन सिंह, तनुज कुमार, अमनदीप, चंद्रशेखर, चंदन ओवराय, विकास, रोहित हंस, राजेश कुमार।