उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर डिवाइडर पर खड़े 4 लोगों को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। भीषण हादसे में सड़क पर 50 मीटर दूर तक मांस के लोथड़े बिखर गए। लाशें सड़क पर चिपक गईं, शवों की पहचान करना मुश्किल था। एक महिला का शव ट्रेलर के टायरों के बीच फंस गए। यह दृश्य देखकर सड़क से गुजर रहे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। हादसा रात करीब आठ बजे ऋषभदेव कस्बे में मयूर मिल के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार बोलेरो सवार 4 लोग अपने किसी परिजन को डॉक्टर को दिखाने उदयपुर आए थे। सभी लोग शाम को घर लौट रहे थे। रास्ते में बोलेरो के सामने अचानक भैंस आ गई। उसे बचाने की कोशिश में गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी तरफ सड़क पर जाकर पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। बाहर निकलकर डिवाइड पर खड़े हो गए। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने डिवाइडर पर चढ़कर चारों लोगों को रौंद दिया। इसके दौरान पीछे से आ रहा ट्रक, टैंकर, जीप और कार एक-एक कर टकरा गए। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले देखिए हादसे की 6 तस्वीरें 4 की मौत, कई घायल
ऋषभदेव थानाधिकारी भरत सिंह राजपुरोहित ने बताया- सलूंबर के सेमारी क्षेत्र के भोराई घाटा निवासी बसंती (54) पत्नी मूलचंद कटारा की छोटी बहू जीजा देवी (24) पत्नी जितेंद्र कटारा की तबीयत खराब थी। शक्तावतों का गुड़ा पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि खेमराज अहारी ने बताया कि बसंती अपने बड़े बेटे अनिल कटारा (30) के साथ जीजा देवी को डॉक्टर को दिखाने उदयपुर आई थी। डॉक्टर को दिखाकर सभी बोलेरो से घर लौट रहे थे। गाड़ी ईश्वर पुत्र धुला मीणा निवासी खेमा (डूंगरपुर) चला रहा था। ऋषभदेव कस्बे में मयूर मिल के सामने अचानक भैंस सामने आ जाने के कारण बोलेरो पलट गई। चारों को ट्रेलर ने रौंद दिया। हादसे में अजमेर के किशनगढ़ निवासी कैलाश पुत्र गणपतलाल घायल हो गए, जिन्हें ऋषभदेव अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर यातायात चालू करवाया। इनपुट : शैलेंद्र जैन, ऋषभदेव