उदयपुर में बीजेपी देहात जिले की कार्यकारिणी घोषित हो गई है। देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने गुरुवार को इसकी सूची जारी की। कार्यकारिणी में कुल 43 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इसमें 9 महिलाओं को भी जगह मिली है। देहात कार्यकारिणी की सूची में जातिगत समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है। इस कार्यकारिणी में कई चेहरे नए हैं तो कुछ रिपीट भी हुए हैं। तेली ने अपनी टीम में 3 के बजाय 2 महामंत्री बनाए हैं। जबकि 7 उपाध्यक्ष, 8 मंत्री, 6 प्रवक्ता बनाए हैं। पुष्कर तेली जनवरी में देहात जिलाध्यक्ष बने थे। इसके बाद से कार्यकारिणी बनने का कार्यकर्ताओं में इंतजार था। माना जा रहा है कि पुष्कर तेली अपनी जिलाध्यक्ष पद की न्यूनतम उम्र और आपसी गुटबाजी के चलते कार्यकारिणी नहीं बना रहे थे। करीब 9 महीने बाद तेली ने अब देहात जिला की कार्यकारिणी की घोषणा की है। कई बडे़ नेता भी तेली को अपनी टीम जल्द घोषित करने की बात कह चुके थे। इन्हें दी गई जिम्मेदारी इस सूची में जिला महामंत्री के रूप में ललित सिंह और कन्हैयालाल मीणा बनाए गए। वहीं, जिला उपाध्यक्ष पद पर रोशनलाल सुथार, शांतिलाल मेघवाल, चन्द्रशेखर जोशी, सोनल मीणा, घनश्याम मेनारिया, नरेन्द्र आसोलिया और दीपक शर्मा को मौका मिला। जिला मंत्री के रूप में ऋतु अग्रवाल, भूरालाल पटेल, संजय मेहता, कर्ण सिंह पंवार, खुशबु कुंवर, अमित कलाल, लक्ष्मी अहारी और निर्मल गरासिया को जिम्मेदारी दी गई है। देहात कार्यकारिणी में सभी विधानसभाओं का ध्यान रखते हुए हर क्षेत्र के नेता को मौका मिला है। इस टीम में गुलाबचंद कटारिया गुट के साथ ही प्रमोद सामर गुट और हर विधानसभा के विधायक या विधायक प्रत्याशी के करीबी नेताओं को भी शामिल किया गया है। पहले देखिए पूरी लिस्ट… युवाओं और महिलाओं को पूरी तवज्जो देने की कोशिश की देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने बताया कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की आपसी राय-मशवरा के बाद सभी फाइनल किए गए है। युवाओं और महिलाओं को पूरी तवज्जो देने की कोशिश की है। देहात जिला की नई टीम अब मिलकर संगठन को और ज्यादा मजबूत करने का काम करेगी। सबका फोकस पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर है। बीजेपी की देहात जिला की इससूची की घोषणा को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा इंतजार था। हालांकि लंबे वक्त से इस सूची के होल्ड होने के पीछे गुटबाजी और विरोध को रोकना एक बड़ी वजह थी। इस साल जनवरी में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने 33 वर्षीय पुष्कर तेली को जिलाध्यक्ष बनाया था। उस दौरान जिलाध्यक्ष पद की न्यूनतम आयु को लेकर तेली का विरोध भी हुआ था। संगठन ने अपने नियमों में जिलाध्यक्ष के लिए न्यूनतम आयु 45 तय कर रखी थी, जबकि उन्हीं नियमों से अलग 12 साल छोटे पुष्कर तेली को मौका मिला था। मूल रूप से गोगुंदा के रहने वाले पुष्कर तेली वर्तमान में उप जिलाप्रमुख भी हैं। वे इससे पहले गोगुंदा पंचायत समिति के प्रधान भी रह चुके है। पार्टी में उनका अनुभव नहीं रहा है। कई बडे़ स्थानीय नेताओं के साथ सामंजस्य नहीं बैठने के चलते वे कार्यकारिणी की घोषणा को टाल रहे थे। बता दे कि 16 अगस्त को बीजेपी के शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने 41 नेताओं के नाम की सूची जारी की थी। इसमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री और 6 प्रवक्ता बनाए गए थे। शहर की कार्यकारिणी में 6 महिलाओं को मौका दिया गया था। हालांकि शहर कार्यकारिणी में गुलाबचंद कटारिया गुट के किसी नेता को शामिल नहीं किया गया।
