उदयपुर में देर रात दो बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक गंभीर घायल हो गया। हादसा रात करीब 11.30 बजे हुआ। उदयपुर के फलासिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 58ई पर बिछीवाड़ा गांव के पास दोनों बाइक तेज रफ्तार में गुजर रही थीं। इस दौरान आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। दो के हाथ-पैर टूट गए और शरीर में गंभीर चोट लगी। वहीं, तीसरे का सिर फट गया। जिसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। दोनों की बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों को झाड़ोल मोर्चरी कराया शिफ्ट, पोस्टमार्टम जारी एएसआई चंदूलाल ने बताया- सूचना पर फलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों मृतकों की शवों झाड़ोल सरकारी हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं, घायल का इलाज जारी है। मृतक की पहचान अनिल कटारा, अक्षय अंगारी, यशवंत हिमात के रूप में हुई है। वहीं, मोहित अंगारी घायल है। सोमवार सुबह मृतकों की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों से शिनाख्तगी के बाद मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। तीन एक बाइक पर सवार थे एएसआई चंदूलाल ने बताया कि मृतक अक्षय, अनिल और मोहित तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। तीनों ओडा गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर बस्सी लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर बोरिया गांव निवासी यशवंत उदयपुर आ रहा था। दोनों की आपस में टक्कर हुई। माना जा रहा है कि देर रात में वाहनों की लाइट अचानक आंखों पर पड़ने से आमने-सामने की टक्कर हुई है। बाकी मामले में जांच कर रहे हैं। यशवंत उदयपुर में एक होटल में कुक का काम करता है। जबकि अक्षय, अनिल, और मोहित मजदूरी करते हैं। इनपुट: दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल