श्रीगंगानगर. इलाके में पिछले चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ मंगलवार को संपन्न हो गया। व्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया को नमन किया। वहीं घरों में छठ मइया के गुणगान किए गए। व्रतियों ने सुबह उगते हुए सूरज को अर्घ्य देकर अपना 36 घंटों से चले आ रहे निर्जला व्रत को खत्म किया। सुहाग की लंबी उम्र, संतान प्राप्ति और संतान की उन्नति के लिए रखा जाने वाला पर्व संपन्न हुआ। जिला मुख्यालय पर तीन पुली पर जैड माइनर किनारे, नेहरानगर के पास और करणपुर रोड चुंगी से सटे मिर्जेवाला फाटक के पास अस्थायी घाट पर पूर्वाचंलवासियों के परिवार पहुंचे और सूर्य भगवान को धोक लगाई। वहीं व्रती महिलाओं ने दूध और पानी से सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर खुशहाली की कामना की। इस दौरान अन्य समाज की महिलाओं ने भी वहां पहुंचकर सूर्य भगवान का पूजन किया। युवक युवतियों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
