बरनाला जिला ई-सेवा पोर्टल पर एप्लीकेशन के समय पर निपटारे में राज्य में पहले स्थान पर है। जिले में लंबित आवेदनों का प्रतिशत सबसे कम (0.16%) है। डिप्टी कमिश्नर बरनाला हरप्रीत सिंह ने बताया कि जिले में कुल 14 सर्विस सेंटर के जरिए 450 से अधिक प्रकार की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। डीसी ने बताया कि 8 अप्रैल, 2025 से 7 अप्रैल, 2026 तक जिले को ई-सेवा और कनेक्ट पोर्टल के माध्यम से कुल 1 लाख 08 हजार 287 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 97 हजार 086 आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा कर दिया गया है। वहीं, 9,613 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं और 1,588 आवेदन विभिन्न कारणों से वापस कर दिए गए हैं। आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार, सभी विभागों को आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पोर्टल पर एनओसी की पेंडेंसी आज तक शून्य
म्युनिसिपल कमिश्नर हरप्रीत सिंह ने बताया कि नगर निगम से संबंधित विभिन्न एनओसी और अन्य सेवा आवेदनों के समय पर निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप, पोर्टल पर एनओसी की पेंडेंसी आज तक शून्य है। आवेदनों की स्थिति ऑनलाइन करें ट्रैक
उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत डोर-स्टेप डिलीवरी सेवाएं भी प्रदान कर रही है। इसके तहत लोग 1076 पर कॉल करके घर बैठे 420 से अधिक सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इससे आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों के लिए लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता समाप्त हो गई है। नागरिक अपने आवेदनों की स्थिति ऑनलाइन भी ट्रैक कर सकते हैं। दो दिनों के भीतर मिला प्रमाण पत्र
इस अवसर पर आस्था एन्क्लेव, बरनाला की निवासी हर्षिता गुप्ता ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने 5 अप्रैल, 2026 को विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, जिसे 20 अप्रैल तक जारी किया जाना था। हालांकि, उन्हें यह प्रमाण पत्र निर्धारित समय से काफी पहले, यानी 7 अप्रैल को, केवल दो दिनों के भीतर प्राप्त हो गया।