फरीदकोट में पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने ईरान-इजरायल के बीच जारी ताजा तनावपूर्ण घटनाक्रम के चलते दुबई एयरपोर्ट सहित कई अरब देशों में फंसे भारतीय नागरिकों के मामले में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री कार्यालय से तुरंत दखल देने की अपील की है। उड़ानों के रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और सुरक्षा हालात बिगड़ने के कारण भारतीय यात्रियों की परेशानियों पर चिंता व्यक्त करते हुए पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा, भोजन, आवास और चिकित्सकीय सुविधाओं का तत्काल प्रबंध सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विशेष उड़ानों से फंसे हुए नागरिकों को सुरक्षित भारत लाया जाए स्पीकर संधवां ने प्रधानमंत्री कार्यालय से अपील की है कि संबंधित देशों की सरकारों और भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष राहत अभियान चलाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि जरूरत पड़ने पर विशेष उड़ानों की व्यवस्था कर फंसे हुए नागरिकों को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार को त्वरित कूटनीतिक पहल करते हुए स्थिति पर निरंतर निगरानी रखनी चाहिए। साथ ही विदेश मंत्रालय की ओर से हेल्पलाइन नंबर और नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर परिजनों को नियमित जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। देश की प्राथमिकता होनी चाहिए भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान-स्पीकर संधवां स्पीकर संधवां ने जोर देकर कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान देश की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार मानवीय आधार पर शीघ्र और प्रभावी कदम उठाकर सभी प्रभावित भारतीयों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित करेगी।