जयपुर एयरपोर्ट पर एक बार फिर फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ा गया है। जयपुर से उड़ान भरने वाली इंडिगो और स्पाइसजेट की दो महत्वपूर्ण फ्लाइट शनिवार को अचानक रद्द कर दी गई है। वहीं दिल्ली और लखनऊ में मौसम खराब होने की वजह से दिल्ली और लखनऊ से जयपुर आने वाली फ्लाइट भी निर्धारित समय से लेट है। पैसेंजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंडिगो की फ्लाइट 6E – 6592 हर दिन सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर जयपुर से मुंबई के लिए उड़ान भरती है। एयरलाइंस ने संचालन कारणों का हवाला देते हुए इसे आज रद्द कर दिया। एयरलाइन ने आखिरी समय पर पैसेंजर्स को इसकी जानकारी दी। सुबह की फ्लाइट होने की वजह से काफी पैसेंजर्स एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। हालांकि एयरलाइन कंपनी की ओर से पैसेंजर्स को रिफंड देने के साथ ही दूसरी फ्लाइट में एडजस्ट करने की प्रक्रिया जारी है। एयरक्राफ्ट की कमी से स्पाइसजेट की फ्लाइट कैंसिल
वहीं स्पाइसजेट की अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट SG – 1077 जो सुबह 7 बजकर 45 मिनट पर रवाना होती है। वह भी आज रद्द कर दी गई। जयपुर एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार एयरक्राफ्ट की कमी और तकनीकी व्यवस्थाओं के चलते फ्लाइट को कैंसिल किया गया। वहीं फ्लाइट के रद्द होने से अहमदाबाद जाने वाले पैसेंजर्स को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। 5 दिनों से लगातार फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ाया
बता दें कि जयपुर एयरपोर्ट पर पिछले 5 दिनों से लगातार फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ाया हुआ है। अब तक आधा दर्जन से ज्यादा फ्लाइट जहां आखिरी वक्त पर रद्द की जा चुकी है। वहीं एक दर्जन से ज्यादा फ्लाइट हर दिन अपने निर्धारित वक्त पर टेक ऑफ और लैंडिंग नहीं कर पा रही है। सूत्रों के अनुसार एयरक्राफ्ट की कमी और तकनीकी खराबी फिलहाल फ्लाइट रद्द होने का प्रमुख कारण है, जो अगले कुछ दिनों तक बरकरार रह सकता है। ऐसे में जयपुर एयरपोर्ट से ट्रैवल करने वाले पैसेंजर को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।