इंडिगो एयरलाइंस की 10 दिन से फ्लाइट रद्द होने अथवा लेटलतीफी के सिलसिले का खमियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है, अभी भी लगेज न मिल पाने की शिकायतों का सिलसिला जारी है। यात्री अपने लगेज के लिए श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट के 4-4 दिन से धक्के खा रहे हैं मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही। लगेज किसी अन्य फ्लाइट में चले जाने के चलते वापस मिल ही नहीं रहा है। इसी बीच, इंडिगो की वीरवार को 20 में से 2 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। अमृतसर-श्रीनगर के अलावा अमृतसर-दिल्ली की शाम 7.05 की फ्लाइट्स वीरवार को दूसरे दिन भी रद्द रही। स्थिति में सुधार के चलते शारजाह, बेंगलुरु, पुणे व अन्य राज्यों में जाने वाली फ्लाट्स की रवानगी नियमित तौर से होने लगी है। एयरपोर्ट डायरेक्टर के अनुसार, अगले दो तीन दिन में स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी। श्रीनगर निवासी राजेश कुमार दत्त ने बताया कि एयरपोर्ट पहुंचकर पता चला कि इंडिगो की दोपहर 1.05 बजे की अमृतसर-श्रीनगर फ्लाइट रद्द कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इंडिगो द्वारा यात्रियों को परेशान करने का सिलसिला यूं ही जारी है। इंडिगो द्वारा अभी भी फ्लाइट्स की पूर्व सूचना भी नहीं दी जा रही है। दिल्ली के सुरिंदर पिपलानी ने बताया कि 7 दिसंबर को दिल्ली से श्री दरबार साहिब में माथा टेकने पहुंचे थे, वापसी की अमृतसर से दिल्ली की इंडिगो की 9 दिसंबर की फ्लाइट थी। फ्लाइट रद्द होने के कारण उन्हें एयर इंडिया की फ्लाइट पर भेज दिया गया मगर उनका सामान एयर इंडिया फ्लाइट में नहीं रखा गया। वह तो 10 दिसंबर की सुबह दिल्ली पहुंच गए लेकिन लगेज यहीं छूट गया। इंडिगो के स्टाफ से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि लगेज तो किसी भी फ्लाइट में रखा ही नहीं जा सका था। लगेज हासिल करने के लिए दिल्ली से ट्रेन के माध्यम से वीरवार यहां पहुंचे थे।
