जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को भी इंडिगो एयरलाइन की जयपुर से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट 6E – 6247 को ऑपरेशनल कारणों का हवाला देकर रद्द कर दिया। यह फ्लाइट जयपुर से रोज सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर कोलकाता के लिए उड़ान भरती है। लेकिन आज आखिरी वक्त पर फ्लाइट को रद्द किया गया। वहीं, स्पाइसजेट एयरलाइंस की दुबई फ्लाइट अपने निर्धारित वक्त पर उड़ान नहीं भर पाई। इसकी वजह से बड़ी संख्या में पैसेंजर्स को परेशान होना पड़ा। जयपुर एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इन दिनों एयरक्राफ्ट की कमी के कारण इंडिगो और अन्य एयरलाइंस शेड्यूल मैनेजमेंट में जूझ रही है। यही वजह है कि जयपुर एयरपोर्ट से हर दिन 1 से 2 फ्लाइट्स रद्द होने का सिलसिला जारी है। रद्द फ्लाइट्स के पैसेंजर्स को अन्य उपलब्ध उड़ानों में एडजस्ट कर रिफंड दिया जा रहा है। लेकिन आखिरी वक्त पर फ्लाइट कैंसिल होने की वजह से पैसेंजर काफी परेशान हो रहे हैं। जयपुर से दुबई की फ्लाइट एक घंटे लेट उड़ान भरी इसके साथ ही आज स्पाइसजेट की जयपुर – दुबई इंटरनेशनल फ्लाइट SG – 57 भी शुक्रवार को निर्धारित वक्त पर उड़ान नहीं भर पाई। यह फ्लाइट सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर दुबई के लिए रवाना होती है। लेकिन तकनीकी और ऑपरेशनल कारणों के चलते यह फ्लाइट करीब एक घंटे लेट उड़ान भर पाई। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से जयपुर एयरपोर्ट पर लगातार फ्लाइट्स लेट और रद्द होने का सिलसिला जारी है। जिसकी वजह से अब जयपुर एयरपोर्ट से ट्रैवल करने वाले पैसेंजर्स में न सिर्फ नाराज़गी बढ़ रही है, बल्कि कनेक्टिंग फ्लाइट्स और आगे के ट्रैवल प्लान पर भी इसका असर पड़ रहा है।