जयपुर के सुप्रसिद्ध आर्ट क्यूरेटर और संग्राहक विजेन्द्र बंसल को आईपी फीस्ट 4.0 लीजेंड्स में सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित आयोजन सुप्रसिद्ध आईपी एक्सपर्ट सफीर आनंद द्वारा क्यूरेट किया गया, जिसमें कला, संस्कृति, व्यवसाय और फैशन जगत के नामचीन व्यक्तित्व एक मंच पर एकत्रित हुए। दर्शनम् और आईसीए गैलरी के प्रमुख विजेन्द्र बंसल ने इस अवसर पर भारतीय कला जगत की नई चुनौतियों और अवसरों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा किआज का समय भारतीय कला में नवाचार, प्रामाणिकता और बौद्धिक संपदा के संरक्षण का है। कलाकार तभी आगे बढ़ सकता है जब वह अपनी मौलिकता को सुरक्षित रखते हुए नई सोच को अपनाए। उनके इस विचारपूर्ण संबोधन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें भारतीय कला जगत में उनके उत्कृष्ट योगदान, नवाचारी दृष्टिकोण और कलाकारों के संरक्षण के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजेन्द्र बंसल को आर्ट लीजेंड्स ऑनर प्रदान किया गया, जो कला जगत में उनके दशकभर के रचनात्मक योगदान और क्यूरेटोरियल उत्कृष्टता की स्वीकृति का प्रतीक है। कार्यक्रम में देशभर से कला, फैशन, संस्कृति, बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। मंच पर मनीष मल्होत्रा, शबाना आज़मी और निखिल नंदा जैसे प्रतिष्ठित नामों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। शाम का समापन संगीत और संस्कृति के रंगों से सजी प्रस्तुतियों के साथ हुआ। हर्गुन कौर, अनिरुद्ध सुस्वरम, और प्रसिद्ध रॉक बैंड इंडियन ओशन ने अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
