जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने जिले में आयोजित ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविरों का बुधवार को निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी परिवादी निराश होकर न लौटे। नगर निगम कार्यालय में आयोजित शहरी शिविर का निरीक्षण करते हुए जिला कलेक्टर ने विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आवासीय पट्टा वितरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र जारी करना और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। दस्तावेजों की कमी होने पर आमजन को मार्गदर्शन प्रदान करने के भी निर्देश दिए गए। इसके पश्चात जिला कलेक्टर ने वैर उपखंड के हलैना में आयोजित ग्रामीण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों के प्रकरणों को एक दिवस पूर्व पटवारी के माध्यम से चिन्हित कर मौके पर निस्तारित करने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं में पात्र नागरिकों को स्वीकृति पत्र और दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविरों में कुल 13 फार्मर रजिस्ट्री प्रकरण निस्तारित हुए, 105 किसानों ने गिरदावरी एप डाउनलोड किया, 150 किसानों को जानकारी दी गई। भूमि राजस्व अधिनियम के 58, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के 102, जाति प्रमाण पत्र के 35, मूल निवास के 52, ईकेवाईसी 50, एलपीजी आईडी मैप 10, पीएमजेवाई के 15 कार्ड, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के 101 लाभार्थी और अन्य कई प्रकरण मौके पर ही निस्तारित किए गए।
