रूपनगर में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के राज्यस्तरीय कार्यक्रमों से पहले श्री आनंदपुर साहिब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने मंगलवार को श्री आनंदपुर साहिब का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। डीजीपी यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए 8 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का भी उपयोग किया जाएगा। वर्दीधारी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी पूरे शहर में हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखेंगे। डिजिटल मैपिंग सिस्टम भी लागू उन्होंने आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों का भी उल्लेख किया, जो पड़ोसी देश से लगातार आ रही हैं। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले कार्यक्रमों के लिए कोई विशेष खतरा नहीं है, फिर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था, शटल बस सेवा और एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आईआईटी रोपड़ के सहयोग से एक रियल-टाइम पार्किंग डिजिटल मैपिंग सिस्टम भी लागू किया गया है। पुलिस वाहन का सायरन कार्यक्रम क्षेत्र में नहीं बजेगा डीजीपी ने निर्देश दिए कि किसी भी पुलिस वाहन का सायरन कार्यक्रम क्षेत्र में नहीं बजेगा और सभी पुलिसकर्मी आम श्रद्धालुओं की तरह मर्यादा का पालन करेंगे। जेबकतरों, उपद्रवियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि रूपनगर जिले की सीमा पर ही सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी अवांछित तत्व को प्रवेश न मिल सके।