श्री आनंदपुर साहिब, जिसे ‘गुरु नगरी’ के नाम से जाना जाता है, अब ‘व्हाइट सिटी’ में तब्दील होने जा रहा है। पंजाब सरकार की इस पहल के तहत पूरे शहर को सफेद रंग से सजाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को बस अड्डे से गई। शिक्षा मंत्री और श्री आनंदपुर साहिब के विधायक हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह पहल नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के उपलक्ष्य में की जा रही है। इस अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब में विश्वस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एक करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना मंत्री बैंस के अनुसार, इन कार्यक्रमों में देश-विदेश से लगभग एक करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध तेजी से पूरे कर रही है। इसी श्रृंखला में, शहर के हर कोने को सफेद रंग में रंगने की सेवा शुरू की जा रही है। इस कार्य का शुभारंभ बाबा सतनाम सिंह जी (किला आनंदगढ़ साहिब) द्वारा अरदास के साथ होगा। मंत्री बैंस ने इस सेवा में शामिल होने के लिए क्षेत्र के युवा क्लबों, पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों, आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों, समाजसेवियों और पार्षदों से अपील की है। 20 हजार लीटर सफेद रंग मंगाया गया इस अभियान के दौरान जिले के डिप्टी कमिश्नर वर्जीत वालिया और एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। मंत्री बैंस ने बताया कि दानदाताओं और पेंट कंपनियों के सहयोग से 20,000 लीटर से अधिक सफेद रंग एकत्र किया गया है, जिसका उपयोग शहर को सुंदर बनाने में किया जाएगा। मंत्री बैंस ने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से आनंदपुर साहिब का स्वरूप बदल रहा है। सड़कों की मरम्मत, सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले पांच से सात दिनों में पूरा शहर चमकदार सफेद रंग में रंग जाएगा और सच्चे अर्थों में ‘व्हाइट सिटी’ के रूप में उभरेगा।