राजस्थान में मंगलवार को सभी जिलों में मौसम साफ रहा। पिलानी, चूरू, गंगानगर समेत कुछ शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। मौसम के इस बदलाव से दिन में हल्की गर्मी बढ़ गई, हालांकि रात में तापमान सामान्य और सामान्य से थोड़ा नीचे दर्ज होने से हल्की ठंडक रहने लगी है। मध्य प्रदेश लगातार बारिश होने से राजस्थान के कई बांधों का वाटर लेवल फिर बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह राणा प्रताप सागर डैम का एक गेट खोला गया है। वहीं, बुधवार को मौसम विभाग ने 6 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इधर मौसम के इस उतार-चढ़ाव से अब लोगों में मौसमी बीमारियां (वायरल इंफेक्शन) बढ़ने लगी हैं। सायरन बजाकर किया अलर्ट इस मानसून सीजन में आज चौथी बार राणा प्रताप सागर डैम के गेट खोले गए हैं। फिलहाल बांध का जलस्तर 1157.49 फीट है, जबकि आवक 22,928 क्यूसेक बनी हुई है। सुबह 5 बजे सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट भी किया गया। गांधी सागर बांध के कैचमेंट एरिया में बारिश का सीधा असर राणा प्रताप सागर, जवाहर सागर और कोटा बैराज पर भी दिख रहा है। दिन का पारा 39 डिग्री से ज्यादा मौसम केन्द्र जयपुर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार दिन में सबसे ज्यादा तापमान गंगानगर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, चूरू में अधिकतम तापमान 38.4, बीकानेर में 37.1, जैसलमेर में 37.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हल्की बारिश की संभावना मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आगामी 1-2 दिन मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती है। जबकि भरतपुर, जयपुर, अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। 25 और 26 सितंबर को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।
