पाली में सदर थाना क्षेत्र के हाईवे पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान 10 दिन बाद मौत हो गई। ओम आश्रम से लौटते समय इंद्रा नगर के पास उसकी बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई थी। हादसे के बाद से ही युवक वेंटिलेटर पर था और जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी की शाम करीब पांच बजे केशव नगर निवासी हितेश दर्जी (18) पुत्र विनोद दर्जी अपने दोस्तों के साथ बाइक से पाली लौट रहा था। इसी दौरान इंद्रा नगर के पास हाईवे पर उनकी बाइक ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में हितेश दर्जी, हितेश (17) पुत्र पप्पूराम और कुशाल (17) पुत्र चंपालाल मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों घायलों को पाली में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। एमडीएम हॉस्पिटल में हितेश दर्जी की स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा, लेकिन 10 दिन तक चले इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल अन्य दो युवकों की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है। इकलौते बेटे की मौत से मां सदमे में
मृतक हितेश अपनी मां रीना का इकलौता बेटा था। जवान बेटे की असमय मौत से मां गहरे सदमे में है। उसका रो-रोकर बुरा हाल है और वह अब तक इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रही है। परिजन लगातार उसे संभालने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त बाइक से ओम आश्रम दर्शन करने गए थे और वहां से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। यह भी पढ़े … ट्रैक्टर से टकराई बाइक, तीन युवकों के सिर फटे: रोते हुए मां बोली- मुझे बेटे से मिला दो, उसे कुछ हो गया तो जिंदा नहीं रह सकूंगी पाली में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं तीन युवकों के सिर फटने से गंभीर घायल हो गए। पूरी खबर पढ़िए