भास्कर न्यूज | लुधियाना कंज्यूमर प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूटर संगठन की एक महत्वपूर्ण मीटिंग इनकम टैक्स विभाग में आयोजित की गई, जिसमें कमिश्नर डॉक्टर ऋषि कुमार, केडी सिंह, आईटीओ राजकुमार, आईटीओ केवल, जयकांत, संजीव कुमार और अंकुश मांगो ने भाग लेकर कारोबारियों को टैक्स अनुपालन से जुड़े अहम मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया। एसोसिएशन के प्रधान हरकेश मित्तल ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया और उनसे व्यापार में आ रही दिक्कत के बारे में बताया कि व्यापारी किस प्रकार इस विभाग में आने से डरता है। बैठक में अधिकारियों ने साफ कहा कि बदलते टैक्स नियमों और बढ़ती डिजिटल मॉनिटरिंग के दौर में हर व्यवसायी के लिए टैक्स अनुपालन को प्राथमिकता बनाना बेहद आवश्यक है। सबसे पहले सदस्यों को सलाह दी गई कि वे ऐप डाउनलोड करें और उसमें दिखने वाला डेटा महीने और तिमाही आधार पर चेक करते रहें। यह ऐप किसी भी गलत या संदिग्ध लेन-देन की तुरंत जानकारी देता है। अधिकारियों ने आईटीआर फाइलिंग को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईटीआर भरते समय दो ईमेल आईडी का उपयोग करें ताकि किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में रिकॉर्ड सुरक्षित रहे। इसके अलावा कम से कम पांच साल का ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड प्रिंट करके सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। आईटीआर फाइल करने से पहले कैपिटल गेन स्टेटमेंट, कैश ट्रांजेक्शन, टैक्स-फ्री और टैक्सेबल मैच्योरिटी जैसी सभी जानकारी सही-सही देना अत्यंत आवश्यक बताया गया। बैठक में यह भी कहा गया कि किसी भी डॉक्यूमेंट या आईडी को साझा करने से पहले उसे वेरिफाई, वैलिडेट और साइन करना अनिवार्य है। गलत लेन-देन मिलने पर तुरंत इनकम टैक्स इन्वेस्टिगेशन सेल में शिकायत दर्ज करवाने की सलाह दी गई। साथ ही, जीएसटी संबंधी गड़बड़ियों के लिए जीएसटी विभाग में भी शिकायत भेजी जा सकती है। 15 जून, 15 सितंबर, 15 दिसंबर और 15 मार्च, जिनमें 75% एडवांस टैक्स समय पर जमा करना आवश्यक है। बैठक का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि पारदर्शिता, समय पर टैक्स भुगतान और सही दस्तावेज़ीकरण ही किसी भी व्यवसाय को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप आगे बढ़ाने की कुंजी है।बैठक में एलसीपीडीए के प्रमुख सदस्य अमित गोयल, नवीन आनंद, योगेश गुप्ता, सुशील खुराना, टिंकू हुडा, सुनील सूद, संदीप जिंदल, अमन डांग, गिरीश गुप्ता, आशीष जुनेजा, गौरव कुमार, अरुण पटिया, पुष्पेंद्र होरा, अभिलेश, अनुज, हरीश अनेजा और दीपक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
