महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक परम ज्योति ने शुक्रवार को करौली में छात्राओं, महिलाओं और सुरक्षा सखियों से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सरकारी सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही महिला अपराधों को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के बाद उन्होंने महिला जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और क्विज प्रतियोगिता की विजेताओं को सम्मानित किया। महिला सुरक्षा पर दिया जागरूकता का संदेश जिला कलेक्ट्रेट स्थित सूचना केंद्र टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में परम ज्योति ने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर, पोर्टल और डिजिटल सुविधाएं संचालित कर रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध संसाधनों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उनका कहना था कि सजगता और समय पर सूचना देकर कई अपराधों को रोका जा सकता है। प्रदेशभर में चल रहा है महिला सुरक्षा संकल्प अभियान उन्होंने बताया कि “महिला सुरक्षा संकल्प” अभियान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पुलिस मुख्यालय की महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिला आईपीएस अधिकारियों को भेजा जा रहा है। वे संवाद कार्यक्रम, जागरूकता रैली, क्विज प्रतियोगिता और अन्य गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दे रही हैं। रैली को दिखाई हरी झंडी, विजेताओं का किया सम्मान कार्यक्रम के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से महिला जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता की विजेता को भी सम्मानित किया गया। हेल्पलाइन और राजकॉप सिटिजन ऐप की दी जानकारी प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर, आपातकालीन सेवाओं, साइबर अपराध से बचाव के उपाय और राजकॉप सिटिजन ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई। महिलाओं से अपील की गई कि वे हेल्पलाइन नंबर अपने मोबाइल में सुरक्षित रखें और किसी भी आपात स्थिति में ऐप के माध्यम से अपनी लोकेशन साझा कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करें। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत करौली पहुंचने पर पुलिस जवानों ने पुलिस महानिरीक्षक परम ज्योति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा, एएसपी सुनील, डीएसपी अनुज शुभम, कैलादेवी डीएसपी मीना मीणा सहित कई पुलिस अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्राएं, महिलाएं और सुरक्षा सखियां मौजूद रहीं।
