अमृतसर| भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), अमृतसर ने 30 नवंबर को हयात रीजेंसी में अपने वार्षिक उद्यमिता शिखर सम्मेलन, ई-समिट 6.0 का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस सम्मेलन ने छात्रों, संस्थापकों, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर उद्यमशीलता की सोच को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के फैकल्टी एंकर डॉ. पंकज गुप्ता ने संस्थान की नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने निवेशकों मनप्रीत सिंह (एल-वी-एक्स) और मनीष वर्मा (एंजल ब्लू) का सम्मान किया। समिट का मुख्य आकर्षण स्टार्ट-अप एक्सपो रहा, जहां उभरते उद्यमियों ने स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर साइबर सुरक्षा तक, अपने नवीन व्यावसायिक विचार प्रतिष्ठित अतिथियों के सामने प्रस्तुत किए। इसके बाद आयोजित जेनेसिस सत्र में उद्योग विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण चर्चा की। बीस्ट-लाइफ के राज विक्रम ने एआई के विकास में सहायक होने पर जोर दिया, जबकि जेनरोबोटिक के निखिल एनपी ने कहा कि भारतीय स्टार्टअप अब वास्तविक समस्याओं के समाधान पर केंद्रित हैं। ई-समिट 6.0 का समापन करते हुए स्टार्ट-अप एक्सपो के परिणाम घोषित किए गए। ‘रीका’ ने विजेता का स्थान हासिल किया, जबकि ‘फाइब्रो इकोस्टेस्ट सोल्यूशंस’ प्रथम उपविजेता रहा। यह समिट नवाचार और संवाद को बढ़ावा देने की आईआईएम अमृतसर की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।