भास्कर न्यूज| अमृतसर कूड़ा कलेक्शन को लेकर थ्री आर कंपनी को टेंडर अलॉट हुए करीब 2 माह बीत चुके हैं। टेंडर के मुताबिक मशीनरी सेट करने व दूसरे प्रोसेस पूरी करने को लेकर 90 दिनों में कूड़ा उठान की प्रक्रिया शुरू कराई जानी है। वहीं ग्राउंड लेवल पर काम शुरू कराने में 30 दिन अब शेष बचे हैं। लेकिन अब तक निगम व कंपनी के अफसर सिर्फ प्लान ही बना पाए हैं। बता दें कि कूड़ा कलेक्शन को लेकर पहले 240 गाड़ियां लाने फिर रिक्शा-ट्रॉलियों से और डोर-टू-डोर बेल बजाने का प्लान बनाया जा चुका है। इसके अलावा कंपनी की गाड़ियां खड़ी करने के लिए पार्किंग व कूड़ा प्रोसेसिंग साइट्स निर्धारित करने का प्लान भी धरा रह गया है। 15 दिसंबर से पूरी क्षमता के साथ कूड़ा उठाने का काम फेल नजर आ रहा है। हैरान करने वाली बात तो यह है कि एक तरफ शहरवासी कूड़ा संकट से परेशान हो रहे। आए दिन विरोध भी जताया जा रहा। लेकिन निगम अफसरों का इस और ध्यान कम नजर आ रहा। कूड़ा उठान को लेकर कंट्रोल रूम का सेटअप भी तैयार नहीं कराया जा सका है। वहीं निगम अफसरों की तरफ से 30 नवंबर तक 100 गाड़ियां लाने का दावा तो किया जा रहा था, मगर 9 ही पहुंच सकी हैं। ​इन पुरानी गाड़ियों को कूड़ा उठान के लिए वाल्ड सिटी इलाकों में लगाया गया है। लेकिन गाड़ियों की हालत खराब होने के कारण इस बारे कंपनी-निगम के अफसर बताना तक नहीं चाहते। चूंकि नई गाड़ियां लाने का दावा किया गया था। 11 गाड़ियां 26 नवंबर को देर शाम तक आ सकती हैं। फिलहाल, अब तक यह भी तय नहीं किया जा सका है कि किस डेट से डोर-टू-डोर कूड़ा उठान कराया जाएगा। वहीं कूड़ा उठान को लेकर 3 माह में 3 बड़े धरने लगाए जा चुके, लेकिन निगम पर कोई असर नहीं पड़ा। कंपनी के डायरेक्टर राजीव से कूड़ा उठान का काम शुरू कराने को लेकर कई बार संपर्क किया गया। मैसेज के जरिए भी पूछा गया। लेकिन या तो उनके पास इसका कोई ठोस जवाब नहीं है। अथवा सारी प्लानिंग सिर्फ बातों में ही है। इसलिए चुप रहना ही जरूरी समझ रहे। ^निगम अफसरों व कंपनी के डायरेक्टर की मीटिंग बुलाई है। जो भी प्लान तैयार किया गया उनमें कितना पूरा कराया जा सका इसकी रिपोर्ट लेंगे। किस दिन से काम शुरू कराया जाएगा इसकी फाइनल डेट के बारे भी पूछा जाएगा। कंपनी के अफसरों से जवाब तलबी होगी कि कितनी गाड़ियां ला सके और ग्राउंड पर कब से काम शुरू कर रहे। जबकि निगम अफसरों से पूछेंगे कि उनके स्तर पर जो काम था, कौन-कौन सी कागजी कार्रवाई पूरी कराई जा चुकी है। – जतिंदर सिंह भाटिया , मेयर नगर निगम