जयपुर सवाई मान सिंह स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हुए राजस्थान बनाम मुंबई रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन राजस्थान के गेंदबाजों ने जोरदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और स्पिनर अजय सिंह कुकना की शानदार गेंदबाजी के दम पर राजस्थान ने स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई टीम को पहली पारी में महज 254 रन पर ऑल आउट कर दिया। मुंबई की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 67 रन, मुशीर खान ने 49 रन, जबकि शम्स मुलानी ने 32 और तुषार देशपांडे नाबाद 25 रन बनाए। इसके अलावा हिमांशु 25 और शार्दुल ठाकुर 18 रन का योगदान दे पाए। लंच तक मुंबई का स्कोर 1 विकेट पर 107 रन था और टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी। लेकिन लंच के बाद खेल का रुख पूरी तरह बदल गया। राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने अपने दूसरे ही रणजी मैच में शानदार लय में गेंदबाजी करते हुए अजिंक्य रहाणे, सिदेश लाड और सरफराज खान जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। उनका साथ देते हुए स्पिनर अजय सिंह कुकना ने मुंबई की निचली पारी को थामने नहीं दिया। राजस्थान की ओर से कुकना ने 66 रन देकर 4 विकेट, जबकि अशोक शर्मा ने 76 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं आकाश सिंह, अनिकेत चौधरी और राहुल चाहर को 1-1 विकेट मिला। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक राजस्थान ने बिना किसी नुकसान के 10 रन बना लिए थे।
