अलवर में गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे अचानक मौसम पलट गया। बारिश के साथ ओले गिरे। इस समय खेतों में पकी फसल है। ऐसे में चने के आकार के ओलों से फसलों को नुकसान हुआ है। इस कारण नुकसान की आशंका ज्यादा है। आज सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। आसमान में घने बादल होने से सूरज नहीं आया। मौसम विभाग ने रात में फिर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या आंधी की संभावना जताई है। इसके पहले दिन बुधवार शाम करीब 6 बजे आंधी-बारिश शुरू हुई थी। आले गिरने से तापमान करीब 8 डिग्री तक नीचे आ गया। देखे ओले बारिश से जुड़े PHOTOS….. फसल कटाई से पहले मौसम बदला मौसम विभाग के अनुसार- आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने की संभावना है। एक दिन पहले यह 33.8 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम के इस बदलाव से दिन का तापमान काफी कम हो गया है। इस आंधी-बारिश का सबसे बुरा असर किसानों पर पड़ा है। तेज हवाओं से कई जगह गेहूं की फसल खेतों में गिर गई है, जिससे नुकसान की आशंका है। फसल कटाई से ठीक पहले हुआ यह बदलाव किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। आने वाले दिनों में भी यही मौसम बना रह सकता है। 20 मार्च को तापमान 18 से 26 डिग्री के बीच रहने के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं 21 से 24 मार्च तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान 15 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
