अलवर शहर में बुधवार शाम एक महिला ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। अंबेडकर सर्किल और भगत सिंह सर्किल के बीच स्थित वुडलैंड शोरूम में महिला ने पहले मैनेजर को थप्पड़ जड़ा, फिर पत्थर से कांच पर मारा। इसके बाद, अपने साथी युवक के साथ मिलकर शोरूम से सामान उठाया और गाड़ी में फरार हो गए। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। महिला के साथ आए युवक ने खुद को मंत्री का भतीजा बताकर लोगों को धमकाने की कोशिश की। वहीं मंत्री संजय शर्मा का कहना है कि यह युवक उनका भतीजा नहीं है। कोतवाली थाने के ASI बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने वुडलैंड शोरूम में हंगामा करने वाले युवक और युवती दोनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शराब के नशे में थे और पुलिस उनसे घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। अब देखिए, घटना से जुड़ी 2 PHOTOS… 1. मैनेजर को थप्पड़ जड़ा 2. हाथ में पत्थर लेकर हंगामा किया सैंडल खरीदने आए और मचाया हंगामा
वुडलैंड शोरूम के मैनेजर विक्रम ने बताया कि बुधवार शाम करीब सवा सात बजे के आसपास एक कार से युवक-महिला आए। आते ही सैंडल खरीदने की बात की। 84 सौ रुपए कीमत के दो जोड़ी सैंडल पसंद कर लिए, लेकिन भुगतान के रूप में चेक देने लगे। चेक लेने से मना करने पर वे गाली गलौज करने लग गए। महिला ने की हाथापाई, सामान लेकर फरार
मैनेजर विक्रम ने बताया- महिला ने तुरंत ही कर्मचारियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। जब सैंडल ले जाने से रोका तो महिला गुस्सा हो गई। उसने अपने ड्राइवर को सैंडल थमा दिए। इसके बाद खुद के हाथ में जो सामान आया, उठा ले गई। हंगामे के दौरान कर्मचारियों ने उनकी कार के आगे पत्थर रख दिए ताकि वे आगे नहीं ले जा सकें, लेकिन महिला ने खुद गाड़ी चलाकर पत्थरों के ऊपर से कार भगा ले गई। उनका ड्राइवर पहले ही हंगामा देख भाग गया। पुलिस ने पकड़ा, महिला ​​​​​​दिल्ली की रहने वाली
ये दोनों स्कीम 2 की तरफ से आगे जाने लगे, उससे पहले पुलिस ने इनको पकड़ लिया और थाने ले आई। बाद में पता चला कि महिला अनीता मान निवासी दिल्ली है और युवक गौरव सारस्वत अलवर शहर के शांतिकुंज निवासी है।उधर, शोरूम मैनेजर ने दोनों के खिलाफ शोरूम में मारपीट करने और सामान उठाकर ले जाने की रिपोर्ट दी है।