अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर दौरे पर रहेंगे। वे आमेर महल और सिटी पैलेस जाएंगे। इसके कारण आमेर महल को सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही हाथी गांव भी जा सकते हैं। आमेर महल के जलेब चौक में उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। लोक कलाकार राजस्थानी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। जो घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोडी नृत्य करते नजर आएंगे। इसके अलावा कठपुतली कलाकार भी यहां अपनी कला को प्रदर्शित करेंगे। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी उनकी अगवानी करेंगी। बता दें कि मार्को रूबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एक दिन रूकने के बाद मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। आमेर महल पर्यटकों के लिए रहेगा बंद रूबियो जयपुर के फेमस हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। यहां भी होटल में खास तैयारियां की गई है। इस दौरे के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हाथी गांव में भी तैयारियां सूत्रों के अनुसार मार्को रूबियो के हाथी गांव जाने की भी संभावना है। इस संबंध में हाथी गांव में भी तैयारियां की जा रही है। यहां तालाब पर हाथी रखे जाएंगे, इसके साथ ही हाथियों को खाना खिलाने का भी प्लान किया जा रहा है, इसके लिए प्रशासन ने तैयारी भी कर रखी है। हाथी गांव विकास समिति के पदाधिकारियों के अनुसार विदेशी मेहमान का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। साथ ही राजस्थान में हाथियों के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था की जानकारी भी उन्हें दी जा सकती है। दो दिन इन इलाकों मे ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी रहेगी वहीं, जयपुर पुलिस ने 24 थाना इलाके में 25 व 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगा दी। बीएडिशनल कमिश्नर योगेश दाधीच ने आदेश जारी कर ईस्ट जिले के सांगानेर, एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, मालवीय नगर, बजाज नगर, गांधी नगर, मोती डूंगरी, एसएमएस, जवाहर नगर, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर व लालकोठी, साउथ जिले से अशोक नगर, विधायकपुरी, नॉर्थ कोतवाली, माणक चौक, नाहरगढ़ रोड, संजय सर्किल, रामगंज, गलता गेट, सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी, जयसिंहपुरा खोर व आमेर थाना इलाके में 25 व 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया। फ्रांस के राष्ट्रपति और अमेरिका के उपराष्ट्रपति भी आ चुके जयपुर बता दें कि इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी जयपुर दौरे पर आ चुके हैं। दोनों का ही हाथियों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया था। एक्सपर्ट इस यात्रा को केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर, राजस्थानी संस्कृति, लोक कला और मेहमाननवाजी को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
