लुधियाना| गुरु नानक देव स्टेडियम लुधियाना में शुक्रवार से बास्केटबॉल का 5-दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स शुरू हो गया है। 5 से 9 दिसंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कुल 17 कोच और खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ट्रेनिंग सत्र की अगुवाई अमेरिकी विशेषज्ञ कोच स्कॉट फ्लेमिंग कर रहे हैं, जो इंटरनेशनल लीग्स, एलीट प्लेयर डेवलपमेंट और प्रोफेशनल कोचिंग में लंबे अनुभव के लिए जाने जाते हैं। फ्लेमिंग का यह दौरा पंजाब में पहली बार किसी आधिकारिक कार्यक्रम के तहत हो रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों और कोचों में खासा उत्साह है। यह पहल पंजाब स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट, पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स और पंजाब बास्केटबॉल फेडरेशन के सहयोग से आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य राज्य में बास्केटबॉल कोचिंग के स्तर को ऊंचा उठाना और जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस को सुधारा जाना है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे इंटरनेशनल लेवल के कोर्स से राज्य के युवाओं को बड़े स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास मिलेगा।
