अमृतसर में पंजाब पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) बॉर्डर रेंज ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के साथ संयुक्त कार्रवाई कर विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी जट्ट द्वारा संचालित एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सदस्य साजन सिंह उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर उसके पास से 25 पैकेट हेरोइन (कुल वजन 25.9 किलो) और एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी साजन सिंह अमृतसर के गांव बेहड़वाल का निवासी है और शहर के एक प्राइवेट सैलून में हेयर ड्रेसर का काम करता था। विदेश में बैठकर नेटवर्क चला रहा तस्कर डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जंडियाला गुरु (अमृतसर) का रहने वाला हैप्पी जट्ट विदेश से इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था और पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में था, जो ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप भारत भेजते थे। उन्होंने बताया कि हैप्पी जट्ट एक भगोड़ा घोषित अपराधी है और उसके खिलाफ पंजाब में 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पंजाब पुलिस उसकी प्रत्यर्पण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है। बरामद हेरोइन की कीमत 175 करोड़ रुपए बताई जाती है। ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए एएनटीएफ बॉर्डर रेंज के एसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त कार्रवाई की और साजन सिंह को गांव बेहड़वाल के पास दबोच लिया, जब वह हेरोइन की खेप पहुंचाने जा रहा था। एक दिन पहले ड्रोन से गिराई गई हेरोइन जांच में पता चला है कि यह खेप पाकिस्तान से भारी ड्रोन के जरिए गांव दलेके में एक दिन पहले ही गिराई गई थी। आरोपी साजन पिछले दो महीनों से सोशल मीडिया ऐप के जरिए हैप्पी जट्ट से संपर्क में था और लगातार ड्रोन से गिराई गई खेप हासिल कर रहा था। एसपी ने बताया कि इस मॉड्यूल के दो और सदस्यों की पहचान हो चुकी है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है। इस मामले में थाना एएनटीएफ, एसएएस नगर में एफआईआर नं. 252 दिनांक 18/09/2025 एनडीपीएस एक्ट की धारा 21C, 25, 29 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत दर्ज की गई है।