पंजाब के अमृतसर में थाना रंजीत एवेन्यू की पुलिस ने एक युवक को गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। युवक को पुलिस ने एक साल पहले भी गिरफ्तार किया था। पकड़ा गया आरोपी अपनी फॉर्च्युनर कार में .32 बोर की 15 गोलियां लेकर घूम रहा था। जबकि एक साल पहले पुलिस ने इसी आरोपी को अफीम व कैश के साथ अरेस्ट किया था। आरोपी की पहचान गांव कमीरपुरा के प्रभसिमरन सिंह उर्फ प्रभ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर रॉबिन हंस की टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया है। टीम में एएसआई अवतार सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। एडीसीपी सिटी-2 सिरीवनेला ने बताया कि पीआर चौक रंजीत एवेन्यू क्षेत्र में चेकिंग के दौरान जब फॉर्च्यूनर कार (नंबर PB02EN0006) को रोका गया, तो तलाशी में उसमें से .32 बोर की 15 गोलियां बरामद हुईं। इस संबंध में एफआईआर नंबर 155, दिनांक 24 अक्तूबर 2025, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत थाना रंजीत एवेन्यू, अमृतसर में दर्ज की गई है। बीते साल 65 लाख हुए थे बरामद पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रभसिमरन सिंह के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला नंबर 99/24 दर्ज है, जिसमें पुलिस ने 64 लाख 74 हजार रुपए नकद और 200 ग्राम अफीम बरामद की थी। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ की जा रही है। गैंगस्टरों से संबंध की आशंका एडीसीपी सिटी-2 श्री सिरीवनेला ने जानकारी दी कि आरोपी के लिंक तस्करों व गैंगस्टरों से जुड़े लग रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी का रिमांड लेकर उसके बारे में जानकारियां जुटाना शुरू किया है। आरोपी से पूछताछ के बार शक है, कि गैंगस्टरों का लिंक तोड़ने में ये कड़ी अहम साबित होगी।
