अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित होने वाले हथियार और नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल, 60 जिंदा कारतूस और 3.513 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को बताया कि यह सफलता पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे गैंगस्टर और नशा विरोधी अभियान के तहत मिली है। गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी तरनतारन जिले के खेमकरण क्षेत्र से संबंधित हैं, जो एक सीमावर्ती इलाका है। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई पिस्तौल PX 5.7×28 mm TISAS (टर्की सीरीज) की हैं। ये अत्यधिक आधुनिक और खतरनाक किस्म की हैं, जिनमें उच्च भेदन क्षमता है और ये स्वचालित फायर करने में सक्षम हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ऐसे घातक हथियार पहले कम ही मामलों में सामने आए हैं। आईएसआई एजेंट शहजाद भट्‌टी का नाम जुड़ा प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों और हैंडलरों के संपर्क में थे। जांच के दौरान पाकिस्तान आधारित आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी का नाम भी सामने आया है, जो भारत में हथियारों और नशे की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, शहजाद भट्टी का भारत में एक मजबूत लिंक था और इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य खेपों की जांच जारी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान करण, गुरप्रीत उर्फ गोपी निवासी खेमकरण, मख्खनदीन, राकेश उर्फ केशू, जमकौर सिंह और जसबीर उर्फ वीरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि राकेश उर्फ केशू के खिलाफ पहले भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशे व हथियारों से जुड़े मामलों में शामिल रहा है। आरोपियों के अन्य संपर्कों क जांच कर रही पुलिस इस संबंध में अमृतसर के थाना गेट हकीमा, छेहरटा और वेरका में मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए आरोपियों के अन्य संपर्कों और लिंक की भी जांच कर रही है। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे लालच के कारण अपनी जिंदगी बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि मेहनत की कमाई में ही असली बरकत होती है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और समाज से भी अपील की कि वे युवाओं को सही दिशा दिखाएं और उन्हें गलत रास्ते पर जाने से रोकने के लिए मिलकर प्रयास करें।