अमृतसर जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अजनाला में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का शहीदी दिवस मनाया। इस अवसर पर प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने घोषणा की कि अजनाला में जल्द ही शहीद भगत सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। बता दे कि यह कार्यक्रम अजनाला स्थित पार्टी के हल्का स्तरीय मुख्य कार्यालय में आयोजित किया गया। शहरी प्रधान और चेयरमैन अमित औल की अगुवाई में हुए इस आयोजन में धालीवाल सहित अन्य नेताओं ने इंकलाबी नारों के बीच शहीद भगत सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। देश की एकता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में मान सरकार पंजाब को फिर से समृद्ध बनाने और देश की एकता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। विपक्ष पर साधा निशाना कुलदीप सिंह धालीवाल ने पिछली कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा सरकारों पर जनविरोधी और लूटखसोट वाली नीतियां अपनाने का आरोप लगाया, जिससे पंजाब की स्थिति खराब हुई। उन्होंने पंजाब सहित देश के लोगों से भगत सिंह और अन्य देशभक्तों की विचारधारा के सच्चे वारिस बनने की अपील की। भारत पर दबाव बनाने की कोशिश धालीवाल ने चिंता व्यक्त की कि शहीदों के बलिदान से मिली आजादी के बावजूद, साम्राज्यवादी ताकतें, विशेषकर अमेरिका, राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से देश पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही हैं। अमेरिका ने भारत पर लगाया टैरिफ इस संदर्भ में उन्होंने उदाहरण दिया कि अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 18 टैरिफ लगाया है, जबकि भारत ने अमेरिका को कृषि और अन्य वस्तुएं बेचने के लिए भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत शून्य टैरिफ की अनुमति दी है। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित होगी धालीवाल ने अपनी घोषणा दोहराई कि माजहा विरासत ट्रस्ट और नगर पंचायत अजनाला के सहयोग से अजनाला में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए स्थान चयन की प्रक्रिया जारी है। मौके पर भारी संख्या में लोग रहे मौजूद इस मौके पर पंजाब राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष गीता गिल, शहरी प्रधान अमित औल, पूर्व पार्षद बलजिंदर सिंह माहल, पूर्व पार्षद सुरिंदर बब्बू महाजन, ब्लॉक प्रधान दविंदर सिंह सोनू, पार्षद अविनाश, पार्षद राजबीर कौर चाहल और उनके पति युवा नेता शिव चाहल उपस्थित रहे। वहीं एडवोकेट संदीप कौशल गट्टू, जिला योजना बोर्ड सदस्य हरप्रीत सिंह सोहल, सुखदयाल सिंह भक्खा, पूर्व निदेशक दलबीर घुल्ली, दिलबाग घुल्ली सहित अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
