अमृतसर में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गेट हकीमा थाना क्षेत्र में 420 के मामले में गिरफ्तार एक युवक पुलिस कस्टडी से ही फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तारी के महज एक घंटे के भीतर आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को लॉरेंस रोड चौक से काबू किया था। इसके बाद टीम उसे गेट हकीमा थाने लेकर जा रही थी। जब पुलिस की गाड़ी क्रिस्टल चौक के पास पहुंची, तो वहां भारी ट्रैफिक जाम और भीड़ के चलते वाहन रोकना पड़ा। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर गाड़ी का दरवाजा खोला और फरार हो गया। पत्नी की मदद से हुआ फरार, थार गाड़ी में बैठाकर आरोपी को ले गई साथ घटना में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी। वह थार गाड़ी में वहां पहुंची और आरोपी को तुरंत अपने साथ बैठाकर फरार हो गई। पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही, लेकिन आरोपी को पकड़ नहीं सकी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ करतारपुर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज था, जिसे एक एएसआई ने दर्ज कराया था। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।