अमृतसर के अटारी इलाके के चिच्चा गांव में कुछ लोगों बीच हुए खूनी झगड़े ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। गुरुवार देर रात महिला से छेड़छाड़ किए जाने से गुस्साए एक व्यक्ति ने गांव के ही रहने वाले एक युवक पर दरांती (खुटी) से हमला कर हत्या कर दी। इस संघर्ष में एक व्यक्ति भी घायल हुआ है। मामले की जानकारी मिलते ही घरिंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया। मृतक युवक की पहचान 29 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई, राजकुमार मूलरूप से यूपी के गांव असवा मोहम्मदपुर का रहने वाला था और गांव चिच्चा में रहता था। डीएसपी लखविंदर सिंह कलेर के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब गांव के जमींदार हरिंदर सिंह, गांव में ही रहने वाले राकेश कुमार को साथ लेकर धान की ट्रॉली लेकर अनाज मंडी ले गए थे। इसी दौरान राकेश की पत्नी ने उसे फोन कर बताया कि गांव का ही रहने वाला राजकुमार उसे परेशान करता है। यह सुनते ही राकेश गुस्से में ट्रैक्टर लेकर तुरंत गांव लौट आया और राजकुमार पर दरांती (खुटी) से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक के पिता पर भी किया हमला पुलिस ने बताया कि हमलावर ने मृतक राजकुमार के पिता भैरो प्रसाद पर भी हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को काबू में किया और आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। डीएसपी कलेर ने बताया कि इस मामले में थाना घरिंडा में एफआईआर नंबर 298 के तहत धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या की कोशिश) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घायल भैरो प्रसाद को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
