अमृतसर में आज यानी मंगलवार को नशा तस्कर की अवैध संपत्ति को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया। पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम को मजबूती देने के लिए अमृतसर जिला प्रशासन ने नशा तस्कर मनदीप कुमार उर्फ काली की अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई शहर के ग्वाल मंडी क्षेत्र में की गई, जहां नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में उक्त मकान को गिराया। मनदीप लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत सात से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं। इन मामलों में नशीले पदार्थों की तस्करी, आपराधिक साजिश और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। फिलहाल मनदीप फरार है। जमानत पर बाहर आकर फिर से नशे के कारोबार में लगा
पुलिस के अनुसार, मनदीप को कई बार गिरफ्तार किया गया, लेकिन वह जमानत पर बाहर आकर फिर से नशे के कारोबार में लग जाता था। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि नशे से युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के पैसों से खरीदी गई कोई भी संपत्ति बख्शी नहीं जाएगी और उसे गिरा दिया जाएगा। यह कार्रवाई नशा तस्करों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से बचना अब संभव नहीं है। अधिकारियों ने जनता से अपील की कि नशा तस्करों के बारे में जानकारी गुप्त रूप से साझा करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन ने कहा कि ऐसी कार्रवाई समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता और रोकथाम बढ़ाएगी। इससे नशा तस्करों के खिलाफ संघर्ष और प्रभावी होगा और युवाओं को सुरक्षित भविष्य मिलेगा।