पंजाब के अमृतसर की तहसील अजनाला के ठाठ गांव में बुधवार देर शाम जमीन के झगड़े को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो बुधवार को बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गया। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान एक पक्ष ने गुस्से में आकर गोली चला दी, जिससे दो लोगों को गोली लग गई। सूचना मिलते ही अजनाला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सीसीटीवी ढूंढने का प्रयास कर रही पुलिस पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि गोली चलाने वालों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। गांव में फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ है।