पंजाब के अमृतसर शहर के गोपाल मंदिर के पास देर रात गोलीबारी हुई। रात का वक्त होने के कारण गोलियों की आवाज सुन, इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक घर के बाहर बदमाशों ने फायरिंग की। फिलहाल मामले में पीड़ित परिवार ने डर के चलते कार्रवाई से मना कर दिया है। लेकिन पुलिस ने अपने स्तर पर मामले की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी। CCTV फुटेज में दो नकाबपोश युवक बाइक पर सवार दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों हमलावर दो बार कैमरे के सामने से गुजरे। फुटेज में गोलियों की आवाज साफ सुनाई दे रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से नहीं की शिकायत परिवार घटना के बाद मीडिया के सामने आने से बच रहा है और अपनी पहचान छिपा रहा है। वहीं, ACP ऋषभ भोला ने बताया कि हमें परिवार की ओर से जानकारी देर से मिली, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से पांच खोल बरामद किए गए हैं। पुलिस की तुरंत कार्रवाई उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और अभी इसे पूरी तरह से उजागर नहीं किया जा सकता। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों की पहचान जल्द ही कर ली जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों में इस वारदात के बाद डर का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
