अमृतसर में डीसी दफ्तर की ओर मार्च कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ किसान घायल हो गए। पुलिस ने 16 किसानों को हिरासत में लिया है। किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे थे। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने अमृतसर के डीसी दफ्तर पर धरना प्रदर्शन का आह्वान किया था। कमेटी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाली थी। पुलिस ने किसानों को डीसी दफ्तर पहुंचने से रोकने के लिए अमृतसर के कूकड़ा वाला, चौगावां में लाठीचार्ज किया। डीसी दफ्तर के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सरवन सिंह पंधेर बोले- पहले के सरकारों में धरना देने से नहीं रोका गया किसान मजदूर संघर्ष कमेटी, अमृतसर चैप्टर के अध्यक्ष सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में किसान रामतीर्थ रोड से डीसी दफ्तर की ओर बढ़ रहे थे। पंधेर ने कहा कि पहले भी कई सरकारें आईं और किसानों के साथ झड़पें भी हुईं, लेकिन उन्हें कभी डीसी दफ्तर में धरना देने से नहीं रोका गया।पंधेर ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस बयान पर भी आपत्ति जताई। जिसमें उन्होंने गुजरात में बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने का दावा किया था। पंधेर के अनुसार, पंजाब के किसानों को ऐसी कोई मदद नहीं मिली है। उन्होंने सरकार से खनौरी बॉर्डर पर कथित अत्याचारों, रंजीत सिंह के ‘फर्जी मुठभेड़’ और अन्य लंबित मांगों पर जवाब देने की मांग की। किसानों ने कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे।
