पंजाब के अमृतसर में एक होटल में 30 वर्षीय महिला का शव मिला है। पुलिस को मोबाइल फोन के जरिए इसकी सूचना मिली। जांच के बाद पुलिस ने महिला के प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने परिवार के हवाले कर दिया। घटना खुल्लर गेस्ट हाउस की है। पुलिस को सूचना मिली कि गेस्ट हाऊस के कमरे नंबर 104 में एक महिला की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाकर पूरे कमरे की जांच करवाई। मौके की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतका के भाई के बयानों पर मामला दर्ज मृतका की पहचान वीरपाल कौर (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के भाई इंदरजीत सिंह उर्फ सोनू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वीरपाल कौर की शादी करीब 7-8 साल पहले रसलाल सिंह से हुई थी और उनके जुड़वां बच्चे हैं। हालांकि, मृतका के अपने ससुराल गांव गवाड़ के रहने वाले गुरमीत सिंह उर्फ धर्मा से अवैध संबंध थे, जिसकी वजह से उसकी पति से अक्सर अनबन रहती थी। इसी कारण परिवार ने तीन महीने पहले वीरपाल को उसके बच्चों सहित अपने घर ले आया था, जहां वह रह रही थी। 14 नवंबर को घर से निकली थी इंदरजीत के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वीरपाल कौर यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने ससुराल से कपड़े और सामान लेकर वापस आ जाएगी, लेकिन शाम तक वह नहीं लौटी। देर शाम परिवार को फोन पर सूचना मिली कि वीरपाल कौर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है और उसका शव खल्हर होटल के कमरे नंबर 104 में पड़ा है। परिवार का आरोप है कि गुरमीत सिंह उर्फ धर्मा ने ही वीरपाल कौर का गला घोंटकर उसकी हत्या की है। वो उसी दिन घर से निकला था और अब तक वापस नहीं आया।
