अमृतसर के डार्क खाना चौक के पास, गोल्डन टेम्पल के निकट स्थित एक होटल (एके गेस्ट हाउस) में आज एक महिला का मृत शरीर मिला। जानकारी के अनुसार, गेस्ट हाउस के कमरे नंबर 301 से महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है, जो गुरुनानक पुरा की निवासी बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोनिका होटल में अकेली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बी डिवीजन के SHO बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि महिला की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। होटल के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में किसी भी तरह के हिंसात्मक लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा मृतका की शिनाख्त के बाद शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और किसी भी संभावित आपराधिक पहलू को सामने लाने की कोशिश कर रही है। होटल में लगे सुरक्षा कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि महिला के होटल में प्रवेश और बाहर निकलने के समय की जानकारी प्राप्त की जा सके। परिवार और पुलिस का कहना है कि इस मामले के हर पहलू की जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।